तीन साल की उम्र में सोनू निगम ने रोने के बाद स्टेज पर गाया वह गीत जो सभी के दिल को छू गया

तीन साल की उम्र में सोनू निगम ने रोने के बाद स्टेज पर गाया वह गीत जो सभी के दिल को छू गयाबॉलीवुड के फेमस सिंगर सोनू निगम के बचपन की यह घटना बड़ी दिलचस्प है। उस समय सोनू निगम की उम्र तीन साल की रही होगी। वह अपने पापा मम्मी के साथ एक संगीत कार्यक्रम में आये थे। यहाँ यह बताना जरूरी होगा कि सिंगर सोनू निगम के पिता अगम कुमार निगम भी स्वयं एक बेहतरीन प्ले बैक सिंगर हैं।

उन्हें उस समय उनके गृह जनपद फरीदाबाद में भी गीत-संगीत के कार्यक्रमों में स्टेज परफॉर्मेंस के लिए आमंत्रित किया जाता था। उस दिन भी एक कल्चरल प्रोग्राम में हिस्सा लेने के लिए सोनू निगम के पिता शहर के एक खूबसूरत हॉल में उपस्थित हुये थे। उस दिन उनके साथ उनकी वाइफ शोभा निगम (सोनू निगम की माँ) और तीन वर्षीय बेटा नन्हा सोनू भी था।

बालक सोनू और उनकी माँ शोभा निगम ऑडिएंस में बैठे थे। पिता अगम कुमार निगम स्टेज पर गीत गाने चले गये थे। सोनू निगम के पिता जब स्टेज पर अपना गीत प्रस्तुत कर रहे थे तो नन्हा सोनू उन्हें ध्यान से सुन रहा था। जब उनके पिता गीत गाने के बाद दर्शक दीर्घा में बैठे अपने बेटे सोनू और अपनी वाइफ शोभा के पास आये तो नन्हा सोनू अचानक रोने लगा।

सोनू निगम के माता पिता को यह समझ में नहीं आया कि उनका बेटा सोनू एकाएक क्यों रोने लगा। उन्होंने पूछा की बेटा सोनू क्यों रो रहे हो? माता पिता के पूछे गये इस सवाल का जो जवाब तीन साल के सोनू निगम ने दिया वह चौंकाने वाला था। नन्हे सोनू ने कहा मैं भी स्टेज पर गीत गाऊंगा।

अब सोनू निगम के पिता बड़े चक्कर में, की उनके बेटे सोनू ने अब तक कोई गीत नहीं सीखा है। ऐसे में वह स्टेज पर जाकर क्या करेगा? ऐसा भी हो सकता है कि सोनू स्टेज पर पहुँचकर फिर से रोने लगे। ऐसे में सबके सामने बड़ी भद्द होगी। लेकिन सोनू ने तो जिद कर ली थी कि वह स्टेज पर गाकर रहेगा। सोनू स्टेज पर जाने की जिद में खूब रोये जा रहा था।

सोनू की माँ ने बहुत समझाया कि बेटा पहले गाना सीख लेना फिर अगली बार गाना। लेकिन सोनू मानने को तैयार ही नहीं था। जब वहाँ आस पास बैठे लोगों ने सोनू की गाने की जिद के बारे जाना तो उन्होंने उनके पिता को समझाया कि बच्चा है यदि उसका मन है तो स्टेज पर खड़ा कर दें, नहीं तो वह बहुत मायूस हो जायेगा।

आखिर नन्हे सोनू के बाल हट के सामने सबको झुकना पड़ा। अंत में बालक सोनू को स्टेज पर माइक के सामने खड़ा कर दिया गया। नन्हे सोनू निगम को स्टेज पर खड़ा करते समय उनकी माँ यहीं सोंच रहीं थीं कि उनका बेटा कोई उल्टा सीधा कुछ सुनाकर हमारी बेइज्जती ही करेगा।

लेकिन जैसे ही नन्हे सोनू निगम ने गाने के लिए अपना मुँह खोला और गाया पुराने जमाने का एक सदाबहार गीत, तो वहाँ वाह वाह के स्वर से पूरा हॉल गूंज उठा। जानते हैं वह गीत कौन सा था ? वह गीत मशहूर गायक मोहम्मद रफी द्वारा गाया गया ‘क्या हुआ तेरा वायदा ‘ था। नन्हे सोनू निगम की आवाज में इस गीत की प्रस्तुति के बाद पूरा हॉल तालियों से गड़गड़ा उठा।

अब सोनू निगम के मम्मी पापा को पता चल गया था कि उनके घर में एक सिंगर ने जन्म ले लिया है। उसी दिन उनके माँ बाप ने ठान लिया कि उन्हें अपने बेटे सोनू को भारत का एक प्रसिद्ध गायक बनाना है़। तीन वर्ष की उम्र में ही सोनू निगम की संगीत शिक्षा आरंभ हो गयी। अब जब उनके पिता गीत -संगीत के कार्यक्रम में जाते तो स्टेज पर एक गीत नन्हे सोनू का भी होता।

सोनू निगम के बड़े होने के साथ- साथ उनके पिता के सपने भी बड़े होते गये। वह सोनू को एक फेमस सिंगर बनना चाहते थे। इसलिए सोनू निगम के पिता ने फरीदाबाद छोड़ दिया और सपनों की दुनिया मुंबई में आ गये। क्योंकि मुंबई ही वह जगह थी जहाँ के स्टूडियो सोनू निगम की राह देख रहे थे।

यहाँ शुरू में उनका जीवन बहुत संघर्ष से भरा था। लेकिन हर रात के बाद दिन होता है। इसलिए इस निगम परिवार की जिंदगी में आशा का उजाला उदय हुआ। पिता अगम कुमार निगम और बेटा सोनू निगम दोनों गायन की राह पर आगे बढ़ चले। सोनू निगम मुंबई आकर उस्ताद गुलाम मुस्तफा खान से गायन की शिक्षा लेने लगे। उस्ताद ने उन्हें तराश कर चमकने वाला हीरा बना दिया।

टी सीरीज ने दिया सिंगिग का पहला चांस

सोनू निगम की सफलता की कहानी टी सीरीज कंपनी से शुरू होती है। जब इस कंपनी के मालिक गुलशन कुमार ने सोनू निगम की मनमोहक आवाज को सुना तो उन्हें गले लगा लिया। क्योंकि सोनू निगम की आवाज का जादू गुलशन कुमार पर चल चुका था। उन्होंने टी सीरीज कंपनी के लिए सोनू निगम से अनुबंध कर लिया।

जहाँ सोनू निगम ने ढेर सारे भजन और मोहम्मद रफी के अनेक गीत गाये । जब उनके गाये गीत का संग्रह ‘ रफी की यादें’  कैसेट नाम से जनता के बीच में आया तो उनके टैलेंट की खुशबू पूरे हिंदुस्तान में फैल गयी। लोगों ने महसूस किया  कि ओल्ड मैलोडी किंग मोहम्मद रफी की आत्मा सोनू निगम में बसती है।

सोनू निगम का गाया पहला फिल्मी गीत

गायक सोनू निगम ने फिल्म ‘जनम’ के लिए अपना पहला फिल्मी गीत गया। लेकिन दुर्भाग्यवश वह फिल्म रिलीज ही नहीं हुई। लेकिन इसके बाद उनके गाये गये गीत को उनके फैंस आज तक नहीं भूलें है़। जानते हैं वह गीत कौन सा है़? उस गीत के बोल हैं ‘अच्छा सिला दिया तूने मेरे प्यार का’ |

उस समय सोनू निगम का गाया यह सॉंग हिंदुस्तान की गली-गली में बजने लगा। इस प्रकार बॉलीवुड सिंगर सोनू निगम द्वारा गाया गया पहला ही फिल्मी गीत, जो रिलीज़ हुआ, सुपर हिट हो गया। इसके बाद तो सोनू निगम एक के बाद एक गायकी की सीढ़ियाँ चढ़ते गये।

सोनू निगम का सबसे चर्चित गीत

फेमस सिंगर सोनू निगम ने सैकड़ों गीत गाये हैं। वे सभी एक से बढ़कर एक हैं। लेकिन उनका एक गीत सबसे अधिक चर्चित है़ वह गीत है़ ‘संदेशे आते हैं’। ‘ बार्डर’ फिल्म का यह गीत सुनते ही शरीर के रोंगटे खड़े हो जाते हैं। इस गीत की पंक्तियाँ देश के जांबाज सैनिकों के त्याग का वर्णन करतीं हैं। इस गीत में सोनू निगम की आवाज सुनने वाले को इतना भावुक बना देते हैं कि आंसू निकल पड़ते हैं। किसी भी राष्ट्रीय पर्व पर यह गीत अवश्य चलाया जाता है़।

सोनू निगम के चर्चित बयान

बॉलीवुड गायक सोनू निगम अपने चर्चित बयानों के कारण अक्सर सोशल मीडिया पर छाये रहतें हैं। कुछ वर्ष पूर्व उन्होंने मस्जिद पर बजने वाले लाउडस्पीकर पर सवाल उठाये। जिस पर बहुत बवाल मचा। आजकल बॉलीवुड सिंगर सोनू निगम पूरे परिवार सहित दुबई में जाकर बस गये हैं। अभी हाल ही यह बयान चर्चा का विषय बन गया कि जब सोनू निगम ने कहा कि वह अपने बेटे निवान निगम को भारत में सिंगर कभी नहीं बनाएंगे। पता नहीं उनके ऐसा कहने के पीछे मंशा क्या है़?